पलामू में विहंगम योग संस्थान की जिला शाखा द्वारा रविवार को एक विशेष सत्संग समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शहर के कोयल नदी तट स्थित भारत माता विवाह मंडप में सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं साधकों ने भाग लिया।
समारोह का उद्घाटन संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष राधा कृष्ण सिन्हा, परामर्शक सुरेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष यूपी सिंह तथा महामंत्री ललित कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अतिथियों एवं सेवा प्रभारियों ने सद्गुरुदेव के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान विद्वान साधकों ने मानव जीवन के समग्र विकास में विहंगम योग के सिद्धांतों, सद्गुरु की आवश्यकता तथा विभिन्न आध्यात्मिक विषयों पर विस्तृत विचार व्यक्त किए। मुख्य अतिथि राधा कृष्ण सिन्हा ने सद्गुरु की महिमा एवं ब्रह्मविद्या के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ब्रह्मविद्या ईश्वरीय ज्ञान की वह धारा है, जो सद्गुरु की कृपा से ही प्राप्त होती है। उन्होंने साधकों को सद्गुरु के सान्निध्य में समर्पण भाव से साधना करने की प्रेरणा दी तथा मन के नियंत्रण को आध्यात्मिक उन्नति के लिए अनिवार्य बताया।
परामर्शक सुरेंद्र सिंह ने सत्संग के महत्व को स्पष्ट करते हुए कहा कि सत्य के साथ संगति ही वास्तविक सत्संग है, जो साधक को आध्यात्मिक जागृति की ओर अग्रसर करता है। उपाध्यक्ष यूपी सिंह ने विहंगम योग को सनातन परंपरा का अंग बताते हुए इसे जीवन जीने की कला का मार्गदर्शक बताया तथा सत्कर्मों के प्रति सजग रहने की आवश्यकता पर बल दिया। महामंत्री ललित कुमार सिंह ने सद्गुरु सेवा को अत्यंत दुर्लभ बताते हुए कहा कि गुरु की प्रसन्नता में ही शिष्य का कल्याण निहित है।
समारोह का समापन सद्गुरु वंदना, आरती एवं शांति पाठ के साथ हुआ। इस अवसर पर अतिथियों एवं वरीय सेवा प्रभारियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अनिल विश्वकर्मा एवं रेणुबाला सहाय द्वारा भेदिक भजनों की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का संचालन नन्दलाल पासवान ने किया।
इसके अतिरिक्त जिज्ञासुओं को क्रियात्मक ज्ञान की दीक्षा प्रदान की गई तथा अनेक साधकों का भूमि परिवर्तन भी सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की सफलता में संस्थान के जिला प्रधान संयोजक भानु प्रताप देव, जिला संयोजक रामगोविन्द यादव, राजेंद्र प्रसाद अरोड़ा सहित अनेक सेवा प्रभारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
