रामगढ़ में प्रधानमंत्री वन धन विकास केंद्र एवं चारा निर्माण इकाई का शुभारंभ, आदिम जनजाति परिवारों को मिलेगा रोजगार

Latest News Palamu

पलामू जिले के सुदूरवर्ती रामगढ़ प्रखंड मुख्यालय में प्रधानमंत्री वन धन विकास केंद्र तथा चारा निर्माण इकाई का शुभारंभ किया गया। रविवार को आयोजित उद्घाटन समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन पलामू की उपायुक्त समीरा एस ने किया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त मोहम्मद जावेद हुसैन, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुलोचना मीणा, प्रशिक्षु आईएएस हिमांशु लाल, प्रशिक्षु आईएफएस, जेएसएलपीएस की जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनीता केरकेट्टा तथा रामगढ़ पंचायत के मुखिया उमाशंकर प्रसाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया।उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त समीरा एस ने कहा कि रामगढ़ प्रखंड आदिम जनजाति बहुल क्षेत्र है, जहां के परिवारों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता ऐसे क्षेत्रों में रोजगारपरक योजनाओं का संचालन करना है, जिससे आदिम जनजाति परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके।

उन्होंने आगे कहा कि रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इन दो महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की गई है, जिनसे विशेष रूप से महिलाओं को लाभ प्राप्त होगा। स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिलेंगे। प्रधानमंत्री वन धन विकास केंद्र के माध्यम से दोना-पत्तल का निर्माण, प्रसंस्करण एवं विपणन किया जाएगा, जबकि चारा निर्माण इकाई के माध्यम से स्थानीय स्तर पर पशुचारा उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे पशुपालकों को लाभ मिलेगा और महिलाओं की आय में वृद्धि होगी।उप विकास आयुक्त मोहम्मद जावेद हुसैन ने कहा कि इन इकाइयों के संचालन से स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहन मिलेगा तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जिससे उत्साह का वातावरण देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *