कदाचार के आरोप में इंटर के तीन परीक्षार्थी निष्कासित

Latest News Palamu

हुसैनाबाद, प्रतिनिधि
झारखंड अधिविद्य परिषद द्वारा आयोजित मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं को कदाचार-मुक्त एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हुसैनाबाद के सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

बुधवार को मैट्रिक हिंदी विषय की परीक्षा में कुल 3715 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 3705 उपस्थित रहे, जबकि 10 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर उपस्थिति इस प्रकार रही—रामवि परीक्षा केंद्र में 216, राजकीय उर्दू मवि में 236, बक्शी उवि में 495, प्लस टू बालिका उवि में 536, हार्वे उवि में 392, स्तरोन्नत उवि कामगारपुर में 550 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परीक्षा केंद्र पर 621 तथा एसबीएस कॉलेज में 659 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए।

इंटरमीडिएट के अतिरिक्त विषय की परीक्षा में 2404 परीक्षार्थियों में से 9 अनुपस्थित पाए गए। जिला शिक्षा पदाधिकारी सौरभ प्रकाश ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परीक्षा केंद्र से कदाचार के आरोप में इंटर के दो तथा बक्शी उवि परीक्षा केंद्र से एक परीक्षार्थी को निष्कासित किया गया। उन्होंने केंद्राधीक्षकों एवं दंडाधिकारियों को कदाचार-मुक्त परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

परीक्षा के दौरान केंद्राधीक्षक अजय यादव, प्रवेश सिंह, संतोष प्रसाद, प्रेम प्रकाश सिंह, विश्वजीत चौबे, शुजाउल हक, अभय पांडेय, हरेंद्र सिंह यादव सहित दंडाधिकारी उदय कुमार रजक, सुधांशु तिवारी, चंद्रशेखर दुबे, धर्मेंद्र कुमार, निरंजन कुमार मेहता, मनोज कुमार सिंह तथा सभी वीक्षक एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी सक्रिय रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *