पलामू में मसीही विश्वासियों ने श्रद्धा के साथ मनाया खजूर पर्व, निकाली धर्मयात्रा एवं हुई विशेष प्रार्थना सभा

Latest News Palamu

पलामू जिले में रविवार को मसीही विश्वासियों ने खजूर पर्व (पाम संडे) श्रद्धा एवं आस्था के साथ मनाया। इस अवसर पर जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित विभिन्न गिरजाघरों से धर्मयात्राएं निकाली गईं तथा विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया।जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के रेडमा स्थित सीएनआई चर्च, यूनियन चर्च एवं शांति की महारानी गिरजाघर से प्रातःकाल धर्मयात्राएं निकाली गईं। इन धर्मयात्राओं में मसीही विश्वासी खजूर की डालियां लेकर शामिल हुए तथा ‘मसीह राजा की जय’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। धर्मयात्रा के उपरांत सीएनआई चर्च में पादरी जकरियस तिर्की तथा यूनियन चर्च में प्रभु रंजन मसीह के नेतृत्व में प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जिसमें यरूशलम में प्रभु यीशु मसीह के आगमन की घटना का स्मरण कराया गया। इसी क्रम में स्टेशन रोड स्थित रोमन कैथोलिक चर्च से भी खजूर यात्रा निकाली गई, जो यूनियन चर्च रोड, डीडीसी आवास रोड एवं स्टेशन रोड से होते हुए पुनः चर्च परिसर में सम्पन्न हुई। यात्रा के समापन के पश्चात चर्च में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जिसमें मुख्य अनुष्ठाता फादर संजय गिद्ध के नेतृत्व में मिस्सा पूजा सम्पन्न हुई।

अपने संदेश में फादर संजय गिद्ध ने खजूर पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रभु यीशु के यरूशलम प्रवेश के समय उनके अनुयायियों ने खजूर की डालियों से उनका स्वागत किया था, जो विजय एवं श्रद्धा का प्रतीक है। उसी परंपरा के आधार पर आज भी यह पर्व मनाया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रभु यीशु का जीवन विनम्रता, सेवा और करुणा का संदेश देता है, जिसे अपनाकर समाज में शांति, प्रेम और भाईचारे का वातावरण स्थापित किया जा सकता है। प्रार्थना सभा के दौरान महिला संघ की विश्वासियों द्वारा भक्ति गीत प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर फादर क्रिस्टोफर, अमरदीप केरकेट्टा, जार्ज तिग्गा, सुरेश तिर्की, समीर तिग्गा सहित बड़ी संख्या में मसीही श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *