पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में सोमवार को जैन समाज के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की जयंती हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जैन समाज के अनुयायियों ने प्रातःकाल जैन मंदिर में विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की।पूजा के उपरांत शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सुसज्जित रथ पर भगवान महावीर की प्रतिमा विराजमान की गई। बाजे-गाजे एवं धार्मिक जयघोष के साथ शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। नगर निगम की मेयर अरुणा शंकर ने भगवान महावीर की पूजा-आरती कर शोभायात्रा को रवाना किया। अपने संबोधन में मेयर अरुणा शंकर ने भगवान महावीर के सिद्धांतों को अपनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलने से समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है तथा मानव जीवन का कल्याण संभव है।
जैन मंदिर से प्रारंभ हुई यह शोभायात्रा शहर थाना रोड, गीता भवन, शहीद भगत सिंह चौक, सतार सेठ चौक सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने विभिन्न स्थलों पर भगवान महावीर की पूजा-अर्चना कर आरती उतारी तथा सुख-शांति की कामना की।शोभायात्रा में जैन समाज के महिला, पुरुष एवं बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लिया। भक्ति गीतों, जयघोषों एवं धार्मिक संदेशों से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। आयोजन के समापन पर पुनः भगवान महावीर की पूजा एवं आरती संपन्न की गई। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद रौशन कुमार, जैन समाज के सरस जैन, सुभाष जैन, मनोज पहाड़िया, सुभाष चंद्र जैन, रोहित जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
