पलामू जिले में रामनवमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। विभिन्न पूजा समितियां शहर से लेकर गांव तक व्यापक स्तर पर सजावट एवं आयोजन में सक्रिय हैं। मेदिनीनगर में श्री महावीर नवयुवक दल (जेनरल) के नेतृत्व में रामनवमी उत्सव को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। शहर के मुख्य मार्गों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा महावीरी झंडों से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
जेनरल अध्यक्ष राकेश सिंह उर्फ मंगल सिंह ने जानकारी दी कि शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रकाश की विशेष व्यवस्था की गई है। शहर के विभिन्न मार्गों पर लगभग दो सौ इलेक्ट्रॉनिक लाइटें लगाई गई हैं तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर हैलोजन की व्यवस्था की गई है।विशेष रूप से छह मुहान क्षेत्र को आकर्षक रूप से सजाया गया है, जहां 55 फीट ऊंचा इलेक्ट्रॉनिक टावर एवं झालरदार बत्तियां स्थापित की गई हैं, जो लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। इलेक्ट्रॉनिक रोशनी से संपूर्ण शहर आलोकित एवं सुसज्जित दिखाई दे रहा है।इसके अतिरिक्त रेडमा, बैरिया चौक, बीसफुटा पुल चौक तथा भारत माता चौक सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर भव्य इलेक्ट्रॉनिक तोरण द्वार बनाए गए हैं। साथ ही, विभिन्न चौक-चौराहों पर देवी-देवताओं के सुसज्जित दरबार स्थापित कर धार्मिक वातावरण को और अधिक सजीव बनाया गया है।
