मेदिनीनगर स्थित प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में शुक्रवार को विभिन्न विभागों के राजस्व संग्रहण कार्य की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने की, जिसमें पलामू प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले पलामू, लातेहार एवं गढ़वा जिलों के राजस्व पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने अपने-अपने जिलों एवं विभागों में निर्धारित राजस्व लक्ष्य के विरुद्ध अब तक की उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। आयुक्त ने जिलेवार राजस्व वसूली की स्थिति, लंबित मामलों, भू-राजस्व, लगान, खनन मद तथा अन्य राजस्व स्रोतों की प्रगति का सूक्ष्म मूल्यांकन किया। समीक्षा के क्रम में यह पाया गया कि कुछ विभागों द्वारा राजस्व संग्रहण में अपेक्षित प्रगति नहीं की गई है, जिस पर आयुक्त ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में शीघ्रता लाने के सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है, अतः राजस्व संग्रहण में तेजी लाना अनिवार्य है, ताकि निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित की जा सके।
आयुक्त ने लंबित राजस्व वादों के त्वरित निष्पादन तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की सलाह देते हुए स्पष्ट किया कि राजस्व संग्रहण में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लक्ष्य प्राप्ति में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।बैठक में आयुक्त के सचिव विजय वर्मा, तीनों जिलों के अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, खनन पदाधिकारी, मत्स्य पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, उत्पाद अधीक्षक, नीलाम पत्र पदाधिकारी, विद्युत विभाग के अधिकारी, जिला अवर निबंधक, नगर निकायों के प्रतिनिधि तथा राजस्व से संबंधित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
