आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन अनिवार्य: डीसी

Latest News Palamu

पलामू


राज्य निर्वाचन आयोग की देखरेख में पलामू जिले के पांच नगर निकायों में नगरपालिका आम चुनाव की प्रक्रिया जारी है। शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त समीरा एस ने प्रेस वार्ता कर चुनाव से जुड़ी प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी उन्होंने बताया कि मेदिनीनगर नगर निगम, विश्रामपुर नगर परिषद, हुसैनाबाद, छतरपुर और हरिहरगंज नगर पंचायत में चुनाव की प्रक्रिया संचालित हो रही है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा और नाम वापसी के उपरांत मेदिनीनगर नगर निगम के मेयर, विश्रामपुर नगर परिषद, हुसैनाबाद, छतरपुर एवं हरिहरगंज नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के कुल 73 तथा वार्ड पार्षद पद के 645 प्रत्याशी चुनाव के लिए योग्य पाए गए हैं। शनिवार को सभी पांचों नगर निकायों में प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए।

डीसी ने बताया कि मेदिनीनगर नगर निगम के मेयर पद के लिए 11, विश्रामपुर नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए 21, हुसैनाबाद नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सात, हरिहरगंज नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 10 तथा छतरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 24 प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त मेदिनीनगर नगर निगम के 32 वार्डों में पार्षद पद के लिए 180 प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह दिए गए। नगर निगम के वार्ड संख्या 5 से नीरा देवी, वार्ड संख्या 23 से मनोज सिंह और वार्ड संख्या 29 से नवीन कुमार गुप्ता को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है।

इसी प्रकार विश्रामपुर नगर परिषद के 20 वार्डों में 135, हुसैनाबाद नगर पंचायत के 15 वार्डों में 77, हरिहरगंज नगर पंचायत के 16 वार्डों में 106 तथा छतरपुर नगर पंचायत के 16 वार्डों में 147 प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए हैं। हुसैनाबाद नगर पंचायत के वार्ड संख्या 14 से सुनील कुमार चौधरी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं।

चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद पर्यवेक्षकों एवं निर्वाची पदाधिकारियों द्वारा सभी प्रत्याशियों को निर्वाचन आयोग द्वारा लागू आदर्श आचार संहिता की जानकारी दी गई। डीसी समीरा एस ने स्पष्ट किया कि आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सभी प्रत्याशियों के लिए अनिवार्य है। उल्लंघन की स्थिति में विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिले के मतदाताओं से 23 फरवरी को होने वाले मतदान में सक्रिय भागीदारी कर लोकतंत्र को सशक्त बनाने की अपील की। इस दिन जिले के सभी नगर निकायों के 236 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा।

चुनाव प्रचार में वाहनों के उपयोग की सीमा तय
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार नगर निगम के मेयर पद के प्रत्याशी अधिकतम छह वाहनों का उपयोग कर सकेंगे। नगर निगम वार्ड पार्षद प्रत्याशियों को चार वाहन, विश्रामपुर नगर परिषद अध्यक्ष प्रत्याशियों को चार और वार्ड पार्षद प्रत्याशियों को तीन वाहन की अनुमति होगी। वहीं हुसैनाबाद, हरिहरगंज और छतरपुर नगर पंचायत के अध्यक्ष प्रत्याशी तीन तथा वार्ड पार्षद प्रत्याशी दो वाहनों का उपयोग कर सकेंगे।

कड़ी सुरक्षा के बीच होगा मतदान
पलामू की पुलिस अधीक्षक रीषमा रमेशन ने कहा कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मतदान के दिन सभी बूथों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे, ताकि मतदाता भयमुक्त होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति निजी वाहन का उपयोग कर रहा है और उस पर किसी प्रत्याशी का पोस्टर या बैनर नहीं लगा है, तो उस पर कोई पाबंदी नहीं होगी। हालांकि, प्रशासन द्वारा अनुमति प्राप्त वाहनों के अलावा किसी अन्य वाहन पर प्रत्याशी के प्रचार सामग्री का उपयोग पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि हुसैनाबाद में एक व्यक्ति के विरुद्ध गलत आरोप लगाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *