दिव्यांग अख्तरी बेगम ने वार्ड पार्षद पद के लिए किया नामांकन

Latest News Palamu


पलामू

करीब ढाई वर्ष के अंतराल के बाद मेदिनीनगर नगर निगम का चुनाव हो रहा है। निकाय चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ होने के साथ ही शहरवासियों में विकास और बेहतरी की उम्मीद जगी है। आम नागरिकों के साथ-साथ चुनाव प्रक्रिया में प्रत्यक्ष रूप से भागीदारी करने वाले लोगों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। युवाओं के अलावा दिव्यांगों और बुजुर्गों में भी चुनाव को लेकर सक्रियता नजर आ रही है।

नगर निगम क्षेत्र के कई वार्डों में पार्षद पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। ऐसे में वे पुरुष, जो स्वयं चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे और वार्ड क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय थे, अब अपनी पत्नी को चुनाव मैदान में उतार रहे हैं। निगम क्षेत्र के पहाड़ी मोहल्ला निवासी मोहम्मद इस्राफील उर्फ बादल पिछले कई वर्षों से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। वे वार्ड संख्या 26 से पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ने की तैयारी में थे, किंतु उक्त वार्ड महिला के लिए आरक्षित हो जाने के कारण उन्होंने अपनी दिव्यांग पत्नी अख्तरी बेगम को उम्मीदवार बनाया।

सोमवार को मोहम्मद इस्राफील अपनी दिव्यांग पत्नी अख्तरी बेगम को गोद में उठाकर सदर प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंचे, जहां अख्तरी बेगम ने वार्ड संख्या 26 से पार्षद पद के लिए निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष नामांकन परचा दाखिल किया। इस अवसर पर अख्तरी बेगम ने कहा कि वह शारीरिक रूप से दिव्यांग अवश्य हैं, लेकिन उनके मन में सेवा और संवेदना की भावना प्रबल है। उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र की जनता का समर्थन मिला तो वह जीत के बाद अपने पति के साथ मिलकर क्षेत्र की सेवा में सक्रिय भूमिका निभाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *