पलामू—
शहर के रांची रोड स्थित रेड़मा मथुराबाड़ी के नवनिर्मित मंदिर में भगवान परशुराम की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान के अवसर पर श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ एवं शिव महापुराण कथा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन राष्ट्रीय परशुराम सेना भार्गव के तत्वावधान में संपन्न हो रहा है।
प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान एवं महायज्ञ को लेकर सोमवार को नवनिर्मित मंदिर परिसर से भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में रामानुजाचार्य संप्रदाय के जीयर स्वामी के नेतृत्व में कई धर्माचार्य तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सुसज्जित रथ पर जीयर स्वामी एवं अन्य धर्माचार्य सवार होकर शोभायात्रा में सम्मिलित रहे।
मंदिर परिसर से निकली कलश शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई कोयल नदी स्थित शिवाला घाट पहुंची, जहां मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने कलश में जल भरा। भगवान के जयघोष के साथ श्रद्धालु मुख्य मार्ग से यज्ञ स्थल पहुंचे, जहां पूजा-अर्चना के बाद यज्ञ मंडप में कलश की स्थापना की गई और धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ।
आयोजन समिति के सदस्य इस धार्मिक अनुष्ठान एवं महायज्ञ को सफल बनाने में सक्रिय रूप से जुटे हैं। नवनिर्मित मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। कलश यात्रा के समापन के बाद दो फरवरी से 12 कुंडीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ प्रारंभ हुआ। सायंकालीन सत्र में वृंदावन से पधारी साध्वी कृष्णा प्रिया ने श्रद्धालुओं को शिव महापुराण कथा का रसपान कराया।
महायज्ञ के अंतिम दिन भगवान श्री परशुराम की प्रतिमा की विधि-विधान से प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में सनातन धर्म के प्रति लोगों की गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिल रहा है। शोभायात्रा में कमलेश शुक्ला, अर्जुन पांडेय, विभाकर नारायण पांडेय, मुकेश तिवारी, अजय तिवारी ‘अकेला’, सुनील तिवारी, अभिषेक तिवारी, राकेश तिवारी, मधुकर शुक्ला, अंकित पांडेय, मनीष पांडेय, मृत्युंजय तिवारी, मीडिया प्रभारी नितेश तिवारी, रूपेश तिवारी, सत्यनारायण शुक्ला, बसंत तिवारी, अंकित शुक्ला सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।

