नगरपालिका चुनाव: पलामू के पांच नगर निकायों में 724 प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह, प्रचार अभियान तेज

Latest News Palamu

पलामू
झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग की देखरेख में नगरपालिका आम चुनाव की प्रक्रिया जारी है। इसके तहत पलामू जिले के सभी पांच नगर निकायों—मेदिनीनगर नगर निगम, विश्रामपुर नगर परिषद, हुसैनाबाद, छतरपुर और हरिहरगंज नगर पंचायत—में चुनावी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न पदों के लिए कुल 724 अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए हैं।

नामांकन पत्रों की संवीक्षा और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी पांच निकायों में 724 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस दौरान मेदिनीनगर नगर निगम के तीन तथा हुसैनाबाद नगर पंचायत के एक वार्ड पार्षद प्रत्याशी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है। अब जिले के सभी पांच नगर निकायों में मेयर, अध्यक्ष और 99 वार्डों के पार्षद पद के लिए 23 फरवरी को मतदान होगा। चुनाव चिन्ह आवंटन के साथ ही प्रत्याशियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में प्रचार अभियान तेज कर दिया है।

नगर निगम में मेयर पद के 11 और पार्षद पद के 185 प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह
नगरपालिका आम चुनाव के तहत शनिवार को मेदिनीनगर नगर निगम में मेयर और वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए। जिला निर्वाचन पदाधिकारी अपर समाहर्ता कुंदन कुमार ने मेयर पद के सभी 11 प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह सौंपे और निर्वाचन आयोग के नियमों तथा आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया।

इसी क्रम में सदर प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय में वार्ड पार्षद पद के 185 प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए। इस अवसर पर सभी अभ्यर्थियों को निर्वाचन आयोग द्वारा लागू आदर्श आचार संहिता और चुनावी नियमों की जानकारी दी गई।
चुनाव चिन्ह मिलते ही प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ प्रचार में जुट गए। चुनाव चिन्ह आवंटन को लेकर प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय परिसर में दिनभर अभ्यर्थियों की भीड़ लगी रही। यह प्रक्रिया शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होकर अपराह्न करीब तीन बजे तक चली। चुनाव चिन्ह मिलने के बाद प्रत्याशी उत्साहित नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *