मेदिनीनगर–
झारखंड नगरपालिका आम निर्वाचन के तहत पलामू जिले के पांच नगर निकायों में चुनावी प्रक्रिया जारी है। गुरुवार को विभिन्न पदों के अभ्यर्थियों के नामांकन प्रपत्रों की संवीक्षा पूरी की गई, जिसमें कई अभ्यर्थियों के नामांकन नियमों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर रद्द कर दिए गए। वहीं, वार्ड पार्षद पद के चार अभ्यर्थी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं।
निर्वाची पदाधिकारियों के अनुसार मेदिनीनगर नगर निगम में तीन तथा हुसैनाबाद नगर पंचायत में एक वार्ड पार्षद पद के अभ्यर्थी निर्विरोध हुए हैं। मेदिनीनगर नगर निगम के वार्ड संख्या पांच से नीरा देवी, वार्ड संख्या 23 से मनोज सिंह तथा वार्ड संख्या 29 से नवीन गुप्ता ने नामांकन प्रपत्र दाखिल किया था। इन वार्डों में अन्य किसी अभ्यर्थी द्वारा नामांकन नहीं किए जाने के कारण तीनों निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। वहीं हुसैनाबाद नगर पंचायत के वार्ड संख्या 14 से अजय पासवान और सुनील कुमार चौधरी ने नामांकन दाखिल किया था, लेकिन संवीक्षा के दौरान अजय पासवान का नामांकन जाति प्रमाण पत्र के अभाव में रद्द कर दिया गया। इसके बाद सुनील कुमार चौधरी निर्विरोध निर्वाचित हो गए।
इधर निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के बाद 29 जनवरी से चार फरवरी तक विभिन्न पदों के लिए नामांकन की प्रक्रिया चली। पांच फरवरी को नामांकन प्रपत्रों की संवीक्षा के बाद विभिन्न निकायों के निर्वाची पदाधिकारियों की रिपोर्ट के अनुसार मेयर, अध्यक्ष एवं 103 वार्ड पार्षद पदों के लिए कुल 763 अभ्यर्थियों का नामांकन वैध पाया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक मेदिनीनगर नगर निगम में मेयर पद के लिए 11 तथा सभी 35 वार्डों के पार्षद पद के लिए 195 अभ्यर्थियों का नामांकन वैध घोषित किया गया। विश्रामपुर नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए 22 तथा 20 वार्डों के पार्षद पद के लिए 140, हुसैनाबाद नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए आठ तथा 16 वार्डों के पार्षद पद के लिए 85, छतरपुर नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए 24 तथा 16 वार्डों के पार्षद पद के लिए 156 और हरिहरगंज नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए 10 तथा 16 वार्डों के पार्षद पद के लिए 112 अभ्यर्थियों के नामांकन वैध पाए गए हैं।
इस बीच मेदिनीनगर नगर निगम में मेयर और वार्ड पार्षद पद के कुछ अभ्यर्थियों के नामांकन रद्द किए गए हैं। निर्वाची पदाधिकारी अपर समाहर्ता कुंदन कुमार ने बताया कि मेयर पद के अभ्यर्थी रिजवाना खातून और पुष्पा कुमारी की आयु निर्धारित न्यूनतम आयु 30 वर्ष से कम पाए जाने के कारण उनका नामांकन रद्द कर दिया गया। इसके बाद मेयर पद के लिए कुल 11 अभ्यर्थियों का नामांकन वैध रह गया है।
वहीं सदर प्रखंड सह अंचल कार्यालय में पांच स्थानों पर वार्ड पार्षद पद के अभ्यर्थियों के नामांकन की संवीक्षा की गई। जांच के दौरान वार्ड संख्या एक की अभ्यर्थी कांति कुमारी के प्रपत्र में संतान संबंधी विवरण नियमों के अनुरूप नहीं पाए जाने के कारण उनका नामांकन रद्द किया गया। इसी तरह वार्ड संख्या 20 की ममता कुमारी तथा वार्ड संख्या 33 की विमला देवी द्वारा जाति प्रमाण पत्र संलग्न नहीं किए जाने के कारण उनका नामांकन भी रद्द कर दिया गया। इसके पश्चात नगर निगम के सभी 35 वार्डों के पार्षद पद के लिए कुल 195 अभ्यर्थियों का नामांकन वैध घोषित किया गया।
निर्वाची पदाधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को अभ्यर्थियों द्वारा नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जबकि शनिवार को शेष अभ्यर्थियों के बीच चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। इसके बाद नगर निकाय चुनाव के लिए प्रचार-प्रसार की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
